बारिश के बीच गरजे श्यामलाल पाल, कार्यकर्ताओं में भरा जोश

बारिश के बीच गरजे श्यामलाल पाल, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती और जनसरोकार के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
मितौली, लखीमपुर खीरी। शुक्रवार को भारी बारिश के बीच मितौली में समाजवादी पार्टी का पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। मौसम खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
श्यामलाल पाल ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की। उन्होंने किसान और नौजवानों से जुड़े मुद्दों के साथ पेपर लीक तथा चुनाव आयोग से संबंधित विषयों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव, धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया, सांसद उत्कर्ष वर्मा, पूर्व विधायक सुनील कुमार लाल, शंकर यादव, अबरार मंसूरी, मितौली ब्लॉक अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से सम्मेलन स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।



