बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरी, पति-पत्नी और छह वर्षीय बेटे की मौत

बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरी, पति-पत्नी और छह वर्षीय बेटे की मौत
रहमतपुर में दर्दनाक हादसा, कच्चे मकान के मलबे में दबा एक ही परिवार
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी -मितौली नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य छप्पर के नीचे सो रहे थे। दीवार और मलबे की चपेट में आने से पति-पत्नी और उनके छह वर्षीय बेटे की मौत हो गई।
हादसे में रहमतपुर निवासी 60 वर्षीय मोहन कश्यप पुत्र साधू कश्यप, उनकी पत्नी कविता कश्यप और छह वर्षीय बेटे अनिल कश्यप की मौत हुई है। बताया गया कि परिवार का दूसरा बेटा ननिहाल में था, जिसके चलते वह हादसे की चपेट में आने से बच गया।
दीवार गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उसके नीचे दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से गांव में चीख-पुकार मच गई और मातम पसर गया।
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते वह अचानक ढह गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की। घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई है। पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है।
एक ही हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रहमतपुर गांव में शोक की लहर है। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।



