अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली के अलर्ट पर स्कूल बंद, डीएम ने जारी की एडवाइजरी

अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली के अलर्ट पर स्कूल बंद, डीएम ने जारी की एडवाइजरी
तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की अपील, आपदा की स्थिति में 1077 पर करें सूचना
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी, 26 सितंबर। मौसम विभाग की ओर से जनपद में अतिवृष्टि, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया गया है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और बारिश व तेज हवाओं के दौरान पक्के एवं सुरक्षित मकानों में रहें। विद्युत पोल, तारों तथा विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। कच्चे और जर्जर भवनों के आसपास अथवा उनमें रहने से बचें। जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें और सर्प समेत अन्य विषैले जीव-जंतुओं से सतर्क रहें।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए खुले मैदान, खेत, पेड़, बिजली के खंभों तथा अन्य ऊंची संरचनाओं के नीचे खड़े न हों। गरज-चमक के दौरान यथासंभव पक्के मकान के अंदर सुरक्षित रहें। प्रशासन की ओर से लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।
डीएम ने बताया कि जलभराव अथवा किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी या क्षेत्रीय लेखपाल से तत्काल संपर्क किया जा सकता है। किसी भी आकस्मिकता या आपदा राहत की आवश्यकता होने पर जिला आपदा कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077, फोन नंबर 05872-298410 एवं 05872-412865 तथा मोबाइल नंबर 9454416588 पर तत्काल सूचना दी जा सकती है।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें।



