औचक निरीक्षण में डीएम ने संभाली क्लास, बच्चों से सवाल पूछकर परखी सीखने की क्षमता

औचक निरीक्षण में डीएम ने संभाली क्लास, बच्चों से सवाल पूछकर परखी सीखने की क्षमता
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 03 अगस्त। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की मुहिम के तहत जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह सोमवार को नगर क्षेत्र स्थित संविलियन विद्यालय सदर पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीधे कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई का स्तर परखा तथा शिक्षण व्यवस्था की हकीकत जानी।
डीएम ने विद्यार्थियों से किताब पढ़वाई, ब्लैकबोर्ड पर लिखे शब्दों का वाचन कराया और विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी रीडिंग स्किल एवं अधिगम क्षमता का आकलन किया। इस दौरान छात्राओं **इकरा** और **अनन्या** ने सटीक उत्तर देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके बेहतर प्रदर्शन पर डीएम ने पूरी कक्षा से तालियां बजवाकर दोनों छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को पर्यायवाची शब्दों का सरल भाषा में अर्थ समझाया। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ जवाब दिए, जिससे कक्षा का माहौल उत्साह और सीखने की ऊर्जा से भर गया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यालय परिसर की स्वच्छता, भवन की स्थिति तथा अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को आगे की पंक्ति में बैठाकर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि उनके अधिगम स्तर में तेजी से सुधार हो सके।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से लगातार संवाद बनाए रखें। डीएम ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों की वास्तविक पहचान तभी बनेगी, जब शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सीखने के स्तर में निरंतर सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा।



