#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

मिशन शक्ति अभियान बना बिखरते परिवारों की उम्मीद, महिला थाना की पहल से 5 दंपतियों का फिर बसा घर

मिशन शक्ति अभियान बना बिखरते परिवारों की उम्मीद, महिला थाना की पहल से 5 दंपतियों का फिर बसा घर

ब्यूरो  रिपोर्टर तुषार शुक्ला


लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के नेतृत्व में जनपद में संचालित मिशन शक्ति अभियान  महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ-साथ पारिवारिक विवादों के समाधान में भी प्रभावी साबित हो रहा है। महिला थाना द्वारा नियमित रूप से की जा रही काउंसलिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। रविवार को आयोजित काउंसलिंग सत्र में 5 बिखरते परिवारों को दोबारा एकजुट कर पति-पत्नी की विदाई कराई गई , जिससे उनके जीवन की नई शुरुआत संभव हो सकी।

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक बबिता पटेल ने बताया कि पारिवारिक विवादों का समाधान बातचीत, समझदारी और आपसी विश्वास के माध्यम से कराया जाना उनकी प्राथमिकता है। उनका कहना है कि छोटी-छोटी गलतफहमियां अक्सर बड़े विवाद का रूप ले लेती हैं, जिन्हें समय रहते काउंसलिंग के जरिए समाप्त किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से महिला थाना में नियमित रूप से दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई जाती है।

रविवार को काउंसलर सुश्री गुप्ता एवं  कय्यूम जरवानी की मौजूदगी में कुल 14 मामलों  की सुनवाई की गई। दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनने और उन्हें समझाने के बाद 5 मामलों में पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति बन गई । इसके बाद दोनों परिवारों की उपस्थिति में उन्हें एक-दूसरे के साथ सम्मानपूर्वक विदा किया गया। इस दौरान परिजनों ने भी आपसी रिश्तों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

काउंसलिंग के दौरान 6 मामलों में पति-पत्नी के बीच मतभेद अधिक पाए गए , जिसके चलते दोनों पक्षों को शांत मन से विचार करने और भविष्य में पुनः काउंसलिंग के लिए समय दिया गया। वहीं 3 मामलों में सुलह के प्रयास सफल नहीं हो सके जिनमें नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी प्रक्रिया में महिला थाना की उपनिरीक्षक दिनेश मणि पाण्डेय, महिला आरक्षी सुमन लता बबली पवार एवं सारिका सिंह चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। काउंसलिंग के समय दोनों पक्षों के परिजन भी उपस्थित रहे, जिससे सकारात्मक माहौल बना और कई परिवारों को टूटने से बचाया जा सका।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं उनके परिजनों को महिला हेल्पलाइन कन्या सुमंगला योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज उत्पीड़न से संबंधित कानूनों तथा संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

महिला थाना की इस पहल को लोगों ने सराहा है। उनका कहना है कि पारिवारिक विवादों का समाधान यदि संवाद और आपसी सहमति से हो जाए तो न केवल परिवार टूटने से बचते हैं, बल्कि बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित रहता है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज में पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button