#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

ऑपरेशन ‘CY-VAJRA’ में खीरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार

ऑपरेशन ‘CY-VAJRA’ में खीरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्टर-  तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी। खीरी पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन “CY-VAJRA”के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह के 8 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के लखनऊ-बहराइच मुख्य मार्ग स्थित अमृतागंज नहर पुलिया के पास एक यात्री भवन से रंगे हाथों पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त भोले-भाले लोगों को सिम पोर्ट कराने का झांसा देकर उनके बायोमेट्रिक का दुरुपयोग करते थे। इसके बाद उनके नाम पर फर्जी सिम कार्ड जारी कराकर उनसे फर्जी यूपीआई आईडी बनाई जाती थी। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था, जिसके बदले गिरोह के सदस्य कमीशन प्राप्त करते थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 121 सिम कार्ड, 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2 फिंगरप्रिंट स्कैनर, साइबर फ्रॉड से संबंधित डेटा वाली 3 कॉपियां और ₹1000 नकद बरामद किए हैं।

इस मामले में थाना साइबर क्राइम पर संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना साइबर क्राइम टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button