श्रावण माह में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने गोला में संभाला मोर्चा, पुलिस बल की ब्रीफिंग कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

श्रावण माह में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने गोला में संभाला मोर्चा, पुलिस बल की ब्रीफिंग कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। पवित्र श्रावण माह में छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ धाम में कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने संयुक्त रूप से गोला गोकर्णनाथ पहुंचकर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग, श्री गोकर्णनाथ मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों, घाटों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गोष्ठी आयोजित कर विस्तृत ब्रीफिंग की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ तैनात रहें। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखे।
अधिकारियों ने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों और दर्शनार्थियों के साथ शालीन, विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। यदि किसी श्रद्धालु को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो पुलिस तत्काल मदद उपलब्ध कराए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर, कांवड़ मार्गों और प्रमुख चौराहों पर भीड़ का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने तथा निर्धारित रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी रहे और आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करने तथा पुलिस पिकेट को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारत या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्रीफिंग के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों, घाटों तथा श्री गोकर्णनाथ शिव मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। साथ ही मंदिर समिति, स्वयंसेवकों और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि श्रावण माह में गोला गोकर्णनाथ आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकें।



