#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, गर्भवती माताओं को बताए गए स्तनपान के अनमोल फायदे

लखीमपुर खीरी में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, गर्भवती माताओं को बताए गए स्तनपान के अनमोल फायदे

ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला


लखीमपुर खीरी। जनपद में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देशों के क्रम में वृहद जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य गर्भवती माताओं, धात्री महिलाओं एवं उनके परिजनों को नवजात शिशु के लिए स्तनपान के महत्व तथा उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करना रहा।

इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली में अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मातृ एवं बाल स्वास्थ्य परामर्शदाता लल्ला सिंह ने जननी सुरक्षा योजना वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को स्तनपान के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने जिला समुदाय स्वास्थ्य विशेषज्ञ अंशुमान पाण्डेय, लेबर रूम स्टाफ नर्स, एनबीएसयू स्टाफ नर्स, बीपीएम एवं अधीक्षक की उपस्थिति में बताया कि जन्म के तुरंत बाद माँ का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए पहला प्राकृतिक टीका होता है, जो उसे गंभीर बीमारियों एवं संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि शुरुआती छह माह तक केवल स्तनपान कराने से शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है तथा उसका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है। इस अवधि में बच्चे को पानी की भी आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि माँ का दूध ही उसके लिए संपूर्ण पोषण का स्रोत है।

लल्ला सिंह ने बताया कि स्तनपान शिशु के साथ-साथ माँ के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। इससे महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर, ओवेरियन कैंसर तथा प्रसव के बाद होने वाली कई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं का खतरा कम हो जाता है।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ नर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button