श्रावण मास में छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ शिवभक्ति में सराबोर, भोलेनाथ के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

श्रावण मास में छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ शिवभक्ति में सराबोर, भोलेनाथ के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। श्रावण मास के पावन अवसर पर छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोला गोकर्णनाथ शिव मंदिर में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन, जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते रहे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव के साथ भोलेनाथ की आराधना करते नजर आए। वहीं मंदिर परिसर और आसपास पूजा सामग्री, प्रसाद, फूल-माला तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी सजी रहीं, जहां श्रद्धालुओं की लगातार चहल-पहल बनी रही।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए प्रशासन एवं पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। पूरे परिसर में शांतिपूर्ण वातावरण के बीच भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक का क्रम लगातार जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।



