श्रावण मेले की तैयारियों का पालिकाध्यक्ष ने लिया जायजा, कांवड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

श्रावण मेले की तैयारियों का पालिकाध्यक्ष ने लिया जायजा, कांवड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
ब्यूरो रिपोर्ट: तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ से पूर्व नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ ने मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा और पालिका टीम के साथ मंदिर परिसर, तीर्थ कुंड एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, तीर्थ कुंड की साफ-सफाई, स्वच्छ जल की व्यवस्था, शौचालयों की सफाई, जल निकासी, नीलकंठ मैदान की स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। पालिकाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु गोला गोकर्णनाथ पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि तीर्थ कुंड में स्वच्छ जल की व्यवस्था, कांवड़ियों के विश्राम स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, मोबाइल शौचालय तथा प्रमुख मार्गों पर आवश्यक दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा, जलकल जेई आदर्श मिश्रा, सिविल जेई अनिल कुमार यादव, यूपीएससीएल जेई विवेक कुमार बाजपेयी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप वर्मा, लेखाकार मोहित अवस्थी, सफाई नायक नरेश कुमार सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



