रोडवेज बस में पीछे से घुसी कार, डॉक्टर मोहित वर्मा घायल

रोडवेज बस में पीछे से घुसी कार, डॉक्टर मोहित वर्मा घायल
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। नकहा क्षेत्र के केवलपुरवा गांव स्थित श्री जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनुबंधित रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार कार जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार चालक डॉ. मोहित वर्मा घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार का एयरबैग समय पर खुलने से उनकी जान बच गई।
सूचना मिलते ही नकहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल डॉक्टर को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गनीमत रही कि इस हादसे में बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



