गोला गोकर्णनाथ सावन मेले की तैयारियों का विधायक अमन गिरी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

गोला गोकर्णनाथ सावन मेले की तैयारियों का विधायक अमन गिरी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर
ब्यूरो रिपोर्टर: तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ। खीरी विश्व प्रसिद्ध सावन मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार को विधायक अमन गिरी, क्षेत्राधिकारी महेक शर्मा एवं थाना प्रभारी अंबर सिंह ने मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, यातायात एवं सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई। विधायक अमन गिरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने पर विशेष जोर दिया।
वहीं क्षेत्राधिकारी महेक शर्मा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्था के बीच दर्शन कर सकें।



