वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को सरस्वती विद्या मंदिर ने किया नमन

वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को सरस्वती विद्या मंदिर ने किया नमन
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (सीबीएसई बोर्ड), लखीमपुर खीरी में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर सुरिंदर सिंह एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रवण कुमार अवस्थी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन से हुआ। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया।
आचार्य अभिराम शुक्ला द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां’ ने सभी को भावुक कर दिया। छात्र अंश जायसवाल और देवेश तिवारी ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों को कारगिल युद्ध पर आधारित प्रेरणादायी डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
कार्यक्रम का संचालन एवं काव्य पाठ आचार्य अभिषेक मिश्रा ने किया। मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर सुरिंदर सिंह ने विद्यार्थियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान करते हुए कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंत में आचार्य संजय द्विवेदी ने सभी अतिथियों, आचार्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने सभी के मन में राष्ट्रप्रेम और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त किया।



