#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

श्रावण मेले से पहले जालिमनगर घाट का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, नदी में स्नान पर रहेगी रोक

श्रावण मेले से पहले जालिमनगर घाट का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, नदी में स्नान पर रहेगी रोक

ब्यूरो रिपोर्टर: तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी। आगामी श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने धौरहरा तहसील क्षेत्र के जालिमनगर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने नदी के कटान प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों एवं नदी में हो रहे कटान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर जालिमनगर घाट पर नदी में स्नान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए प्रशासन की ओर से पवित्र जल की समुचित वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घाट क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में जनजागरूकता संबंधी बैनर, फ्लेक्स, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेतक एवं अन्य सुरक्षा प्रबंध समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गत वर्षों की अपेक्षा अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि जालिमनगर घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमें पूरे समय सुरक्षा व्यवस्थाओं का सतत अनुश्रवण करेंगी।

निरीक्षण के दौरान सेनानायक द्वितीय वाहिनी पीएसी सीतापुर संतोष कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पवन गौतम, उपजिलाधिकारी राशि कृष्णा, क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह, खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button