कटान प्रभावित गांव पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह, बोले- हर परिवार तक पहुंचेगी राहत

कटान प्रभावित गांव पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह, बोले- हर परिवार तक पहुंचेगी राहत
ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जानी स्थिति, खाद्यान्न किट वितरण के दिए निर्देश
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। शारदा नदी के कटान से प्रभावित निघासन तहसील के ग्राम ग्रंट नंबर-12 में मंगलवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
डीएम ने उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह के साथ कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आकलन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं पुनर्वास से जुड़े सभी कार्य संवेदनशीलता, तत्परता और प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी तत्काल की जाएंगी।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। एसडीएम यदुवीर सिंह ने बताया कि राहत कार्य निरंतर जारी हैं तथा बुधवार को प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न किट वितरित की जाएगी, जिससे किसी भी परिवार को आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना न करना पड़े।
कटान प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे एडीएम, राहत कार्य तेज करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने भी ग्राम ग्रंट नंबर-12 पहुंचकर कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। एडीएम ने बताया कि प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि शारदा नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हो गया है।
इसके बाद एडीएम ने तिकोनिया क्षेत्र के ग्राम नयापिंड का निरीक्षण किया। यहां प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की सुविधा के लिए नाव की व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को राहत किट उपलब्ध कराने तथा वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार देवेंद्रमणि त्रिपाठी, नायब तहसीलदार हर्ष निशांत, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल मौजूद रहे।



