#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

“रोहाना टोल पर वाहन चालकों के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं होगा” — ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर

“रोहाना टोल पर वाहन चालकों के साथ भेदभाव बर्दाश्त नहीं होगा” — ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर

रामपुर तिराहा-गागलहेड़ी स्टेट हाईवे की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, सड़क निर्माण कार्य की जांच और देवबंद फ्लाईओवर पर प्रकाश व्यवस्था की मांग

विशेष रिपोर्ट  -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर देवबन्द भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर ने रोहाना टोल प्लाजा और स्टेट हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि रोहाना टोल से गुजरने वाले किसी भी वाहन स्वामी के साथ भेदभाव या दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि टोल संचालन में किसी प्रकार की मनमानी हो रही है तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जवाबदेही तय करनी होगी।
उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहा से गागलहेड़ी तक स्टेट हाईवे को दुरुस्त करने के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है। सड़क पर कई स्थान आज भी धंसे हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिली हो तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर ने कहा कि टोल प्लाजा पर सभी वाहन चालकों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के साथ उसके पद, पहचान या प्रभाव के आधार पर अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को सम्मानपूर्वक और पारदर्शी व्यवस्था मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि देवबंद फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर अंधेरा रहने से वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से बातचीत करेंगे और फ्लाईओवर पर शीघ्र हाईमास्ट अथवा पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग करेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। सड़क, टोल और यातायात से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा का अनुभव मिल सके।

Related Articles

Back to top button