नीमगांव पुलिस ने बर्तन दुकान चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

नीमगांव पुलिस ने बर्तन दुकान चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी।पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमगांव पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कस्बा सिकन्द्राबाद स्थित बर्तन की दुकान में हुई चोरी का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों को चोरी के माल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को सिकन्द्राबाद कस्बे की एक बर्तन की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में थाना नीमगांव पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। शनिवार को दौदापुर-बिल्लाई रोड से पुलिस ने विपिन मौर्य उर्फ विवेक उर्फ पिंटू और लवकुश को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए पीतल के बर्तन, एक मिल्टन की बोतल, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (UP31CU4317) तथा लवकुश के पास से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी **विपिन उर्फ विवेक** पूर्व में थाना वजीरगंज (लखनऊ) पुलिस की अभिरक्षा से न्यायालय पेशी के दौरान फरार हो चुका है और उसके खिलाफ लखीमपुर खीरी, लखनऊ, सीतापुर व अयोध्या में चोरी, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, साइबर अपराध सहित **28 मुकदमे** दर्ज हैं। वहीं **लवकुश** पर लूट, अपहरण, पॉक्सो एक्ट व आर्म्स एक्ट सहित **6 आपराधिक मुकदमे** दर्ज हैं।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मुकदमा दर्ज किया है।
इस सफलता में थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम के नेतृत्व में नीमगांव पुलिस, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव तथा सर्विलांस सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



