चौका नदी में बालक की तलाश के दौरान ग्रामीण पर मगरमच्छ का हमला, 12 वर्षीय अनिकेत की खोज जारी

चौका नदी में बालक की तलाश के दौरान ग्रामीण पर मगरमच्छ का हमला, 12 वर्षीय अनिकेत की खोज जारी
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी नकहा दक्षिण खीरी वन प्रभाग की शारदानगर रेंज के सकेथू बीट अंतर्गत ग्राम रौलिया के पास बहने वाली चौका नदी में 12 वर्षीय बालक अनिकेत पुत्र रमेश की तलाश के दौरान एक ग्रामीण पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया।जानकारी के अनुसार, बालक अनिकेत की तलाश में नदी में उतरे रामसनेही पुत्र बदलू पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मौके पर मौजूद वनकर्मियों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नकहा भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद करीब आधा दर्जन बच्चे चौका नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान 12 वर्षीय अनिकेत नदी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और बालक की तलाश जारी है। शारदानगर रेंज के रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही क्षेत्रीय फॉरेस्टर सतीश कुमार एवं अशोक कुमार शुक्ला को मौके पर भेजा गया। वन विभाग की टीम स्थानीय लोगों के सहयोग से बालक की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही नदी के आसपास लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी में न उतरने की अपील की गई है।




