496 वाहनों का चालान, 14 वाहन सीज; ₹5.46 लाख का जुर्माना

496 वाहनों का चालान, 14 वाहन सीज; ₹5.46 लाख का जुर्माना
ब्यूरो रिपोर्ट: तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 05 जुलाई 2026। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से खीरी पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में जिलेभर में विशेष चेकिंग और जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत एलआरपी चौराहा, राजापुर चौराहा और संकटा देवी चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं 4 जुलाई की रात 8 बजे से 11 बजे तक फरधान, मैंगलगंज और सिसैया टोल प्लाजा पर विशेष ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सघन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 496 वाहनों का चालान किया गया तथा ₹5,46,500 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा 14 वाहनों को सीज भी किया गया। सीज किए गए वाहनों में 9 मोटरसाइकिल, 2 कार, 2 मैजिक और 1 ट्रक शामिल हैं।
चालान की कार्रवाई में बिना हेलमेट 341, ट्रिपल राइडिंग 26, बिना सीट बेल्ट 26, मॉडिफाइड साइलेंसर 25, प्रेशर हॉर्न 20, फॉल्टी नंबर प्लेट 19, रॉन्ग साइड ड्राइविंग 15, ओवर स्पीडिंग 13, नो पार्किंग 8 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वाले 3 वाहन चालक शामिल रहे।
खीरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा शराब पीकर वाहन न चलाएं। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यात्रा ही स्वयं और परिवार की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।



