#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

14 माह के अपहृत मासूम को पुलिस ने सकुशल बरामद किया, दो गिरफ्तार

14 माह के अपहृत मासूम को पुलिस ने सकुशल बरामद किया, दो गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला

गोला गोकर्णनाथ, खीरी। थाना गोला पुलिस ने करीब एक माह पूर्व लापता हुए 14 माह के मासूम आर्यन उर्फ रामजी को सकुशल बरामद करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे के लापता होने के बाद दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 को सावन माह के दौरान लक्ष्मणजती निवासी अर्चना पत्नी राधेश्याम अपने 14 माह के पुत्र आर्यन उर्फ रामजी को तीर्थ सरोवर गेट के पास खेलता छोड़कर मंदिर गई थीं। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटीं तो बच्चा मौके पर नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर उन्होंने थाना गोला में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 372/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान टीम लगातार सुरागरसी-पतारसी में जुटी थी। 29 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लखीमपुर-खुटार रोड स्थित हर्ट ढाबा के पास घेराबंदी की। इस दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से अपहृत बालक आर्यन उर्फ रामजी को सकुशल बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम लडैते उर्फ राजू पुत्र राजाराम उर्फ गंजेडी, निवासी ग्राम कांप थाना मैलानी, लखीमपुर खीरी तथा मालती उर्फ गीता पत्नी राजाराम, निवासी ग्राम नारायनपुरवा थाना खैराबाद, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 143 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मासूम की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह के नेतृत्व में व0उ0नि0 देवेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राकेश कुमार राय समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा की गई।

Related Articles

Back to top button