सुबह टहलने निकले वेदराम पर घात लगाकर हमला किए जाने का आरोप, मौके पर मौत से गांव में मचा हड़कंप

सुबह टहलने निकले वेदराम पर घात लगाकर हमला किए जाने का आरोप, मौके पर मौत से गांव में मचा हड़कंप
रिपोर्ट,अखिलेश यादव,पीलीभीत
पीलीभीत/पूरनपुर। कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र के गांव बिलहरी में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की हत्या की घटना से सनसनी फैल गई। गांव के बाहर सुबह टहलने निकले वेदराम पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। गंभीर वार के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, वेदराम रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर से टहलने के लिए गांव के बाहर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सिर पर धारदार हथियार से किए गए वार में वेदराम गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मचा हड़कंप
हत्या की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर पहुंच गए। परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
2005 की घटना से जुड़ी बताई जा रही पुरानी रंजिश
परिजनों की ओर से घटना के पीछे करीब दो दशक पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, वर्ष 2005 में नंदराम की हत्या हुई थी, जिसमें वेदराम का नाम सामने आया था। इसी पुरानी रंजिश को वर्तमान घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
परिजनों ने नंदराम के पुत्र रामदेव, श्यामदेव और श्रीदेव पर वेदराम की हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि हमलावरों ने पहले से घटना की योजना बनाई थी। यह भी आरोप लगाया गया है कि वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत घर से फरार हो गए।
हालांकि, आरोपों की अभी पुलिस स्तर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शुरू की जांच





