#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

विश्व हृदय दिवस पर खीरी में चला जागरूकता अभियान, सीने के दर्द को गैस समझकर न करें नजरअंदाज

विश्व हृदय दिवस पर खीरी में चला जागरूकता अभियान, सीने के दर्द को गैस समझकर न करें नजरअंदाज

ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 29 सितंबर। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला चिकित्सालय सहित जनपद के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर “डोंट मिस ए बीट” थीम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने की। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने लोगों को हृदय रोग के लक्षण, कारण, बचाव और समय पर उपचार के संबंध में जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि जिला चिकित्सालय के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली, बांकेगंज, रमियाबेहड़, फरधान, पलिया, बिजुआ, निघासन, गोला, पसगवां, फूलबेहड़, कुंभी, मोहम्मदी, धौरहरा, नकहा और खमरिया में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि हृदय शरीर का महत्वपूर्ण अंग है और इसकी देखभाल में लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। उन्होंने लोगों से हृदय रोग के लक्षणों को समय रहते पहचानने और तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि भागदौड़ भरी जीवनशैली, मानसिक तनाव और जंक फूड का अधिक सेवन हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है। सीने में भारीपन या दर्द, सांस फूलना तथा जबड़े या बाएं हाथ में दर्द जैसे लक्षणों को केवल गैस या सामान्य दर्द समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. आरपी वर्मा ने हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित व्यायाम, ताजे फल एवं सब्जियों के सेवन तथा धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

एनसीडी सेल के डॉ. शिशिर पांडे ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य की नियमित जांच जरूरी हो जाती है। उन्होंने 30 वर्ष की आयु के बाद नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराने की सलाह दी। साथ ही उच्च रक्तचाप और मधुमेह को नियंत्रित रखना हृदय को स्वस्थ रखने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. शिखर बाजपेई ने भी हृदय रोग से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए तनाव मुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. रचित मिश्रा, डॉ. सइय्यद मोहम्मद रजा, डॉ. इंद्रेश राजावत, स्टाफ नर्स नीरज वर्मा, स्टाफ नर्स सरिता सिंह, एनसीडी सेल ऑपरेटर महेंद्र, योगा इंस्ट्रक्टर राहुल वर्मा, जिला चिकित्सालय हेल्प डेस्क से पंकज कुमार शुक्ला, हेल्प डेस्क मैनेजर सुरेंद्र कश्यप, राम जी माथुर, स्टाफ नर्स सर्वेश वर्मा और वीरेश कुमार सहित अस्पताल का स्टाफ एवं आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button