हड़ताल के बीच परिवहन विभाग का अभियान, 20 ई-रिक्शा समेत कई वाहन बंद

हड़ताल के बीच परिवहन विभाग का अभियान, 20 ई-रिक्शा समेत कई वाहन बंद
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 29 सितंबर। प्राइवेट बस एसोसिएशन की हड़ताल के बीच परिवहन विभाग ने अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। एआरटीओ शांति भूषण पांडेय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान 20 ई-रिक्शा समेत कई वाहनों को बंद किया गया, जबकि आठ वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ के अनुसार अनधिकृत संचालन में पाए जाने पर 20 ई-रिक्शा के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद किया गया। परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर एक बस को भी बंद किया गया। इसके अलावा अवैध साइलेंसर का प्रयोग करने वाली दो बुलेट मोटरसाइकिलों, अनधिकृत संचालन में मिली दो बोलेरो और एक ईको के खिलाफ भी बंद की कार्रवाई की गई। प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करते पाए गए आठ वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने बताया कि जिला बस ऑपरेटर्स की ओर से ई-रिक्शा और अन्य अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के संबंध में शिकायतें की गई थीं। इसी के दृष्टिगत लखीमपुर प्राइवेट बस एसोसिएशन द्वारा हड़ताल की जा रही है। शिकायतों के क्रम में परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान संबंधित बस पर कार्रवाई के समय जनपद लखीमपुर खीरी की एआरएम भी मौजूद रहीं।
यात्री/मालकर अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने भी अनधिकृत संचालन के खिलाफ कार्रवाई की। उनके द्वारा हरियाणा नंबर की एक ट्रैवलर को अनधिकृत संचालन में बंद किया गया। परिवहन विभाग की ओर से अन्य वाहनों के विरुद्ध भी चालान एवं बंद की कार्रवाई की गई।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।



