दुकान में घुसा धामिन सांप, मचा हड़कंप, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

दुकान में घुसा धामिन सांप, मचा हड़कंप, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। लुधौरी चौराहे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान के अंदर अचानक धामिन सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही दुकानदार घबरा गया और आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए दुकानदार ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दक्षिण खीरी वन प्रभाग की लुधौरी वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मी अक्षय मौर्य, मनोज और राजन ने सावधानी बरतते हुए दुकान में मौजूद सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। टीम की तत्परता से सांप को बिना किसी नुकसान के बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने धामिन सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया। सांप के दुकान से बाहर निकलने और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने के बाद दुकानदार तथा आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि घर, दुकान अथवा आसपास सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। वन्यजीव से दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर सके।
वन विभाग की तत्परता से जहां संभावित खतरा टला, वहीं एक वन्यजीव की जान भी बच गई। समय पर सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर धामिन सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया।



