महिला थाना में 13 पारिवारिक मामलों की काउंसलिंग, 5 दंपतियों का सफल समझौता

महिला थाना में 13 पारिवारिक मामलों की काउंसलिंग, 5 दंपतियों का सफल समझौता
ब्यूरो रिपोर्ट: तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी | रविवार, 05 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को महिला थाना में पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया।
महिला थाना की नवागत प्रभारी निरीक्षक बबिता पटेल ने काउंसलर कुसुम गुप्ता एवं कय्यूम ज़रवानी के सहयोग से कुल 13 पारिवारिक विवादों की सुनवाई की। काउंसलिंग एवं सुलह-समझौते के प्रयासों के बाद 5 पति-पत्नी आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हो गए, जिसके बाद उनकी विदाई कराकर परिवारों को बिखरने से बचाया गया।
पुलिस के अनुसार, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा साझा गृहस्थी में निवास से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर समाधान कराने का प्रयास किया गया। 4 मामलों में पति-पत्नी के बीच गहरे मतभेद होने के कारण उन्हें विचार के लिए समय दिया गया, जबकि 4 मामलों में सुलह के प्रयास सफल नहीं हो सके।
काउंसलिंग प्रक्रिया में महिला आरक्षी सुमन लता, सारिका चौहान एवं रेखा गौड़ का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ ही कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।



