डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
ब्यूरो रिपोर्ट: तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने शनिवार को तहसील मितौली के अंतर्गत ग्राम पैला स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का गहन जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी असेसमेंट कराने के भी निर्देश दिए, ताकि गुणवत्ता का निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसलिए निर्माण कार्य को पूरी पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए।



