#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

यूपी-टीईटी की तैयारियां पूरी, 15 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा तीन दिनों की पांच पालियों में 29,927 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

यूपी-टीईटी की तैयारियां पूरी, 15 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा तीन दिनों की पांच पालियों में 29,927 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


जिला ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी, 30 जून। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा 2, 3 एवं 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है। इसे पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा में 29,927 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, यातायात, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयोग के नामित पर्यवेक्षक सेवानिवृत्त आईएएस राम केवल ने अधिकारियों से कार्य पुस्तिका का गहन अध्ययन कर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह ने बताया कि **2 और 3 जुलाई** को परीक्षा दो-दो पालियों में तथा **4 जुलाई** को केवल प्रथम पाली में आयोजित होगी। पहली पाली **सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे** तक तथा दूसरी पाली **दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे** तक चलेगी। तीन दिनों की कुल **पांच पालियों** में 29,927 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button