यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 678 वाहनों का चालान, ₹3.66 लाख का जुर्माना

यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 678 वाहनों का चालान, ₹3.66 लाख का जुर्माना
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 29 जून। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में जनपद खीरी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान एलआरपी चौराहा, राजापुर चौराहा, संकटा देवी चौराहा, पछपेड़ा टोल प्लाजा, मैलानी टोल प्लाजा तथा सिसैया टोल प्लाजा सहित विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। यह अभियान 28 जून की रात 10 बजे से 29 जून की रात 11 बजे तक चलाया गया।
चेकिंग के दौरान कुल 678 वाहनों का चालान कर ₹3,66,500 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इनमें बिना हेलमेट 547, मॉडिफाइड साइलेंसर 18, प्रेशर हॉर्न 31, फर्जी नंबर प्लेट 14, ओवर स्पीड 20, तीन सवारी 15, गलत साइड 11, नो पार्किंग 7, सीट बेल्ट 13 तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने पर 2 चालान शामिल रहे।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया और सभी से सुरक्षित एवं नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने की अपील की।



