21 दिन बाद आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में कैद, रायपुर सहित आसपास के गांवों ने ली राहत की सांस

21 दिन बाद आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में कैद, रायपुर सहित आसपास के गांवों ने ली राहत की सांस
लखीमपुर खीरी ब्यूरो रिपोर्ट: तुषार शुक्ला
खमरिया-खीरी। उत्तर खीरी वन रेंज धौरहरा क्षेत्र के रायपुर ईसानगर में 21 दिन पहले मासूम शुभम पर जानलेवा हमला कर उसकी मौत का कारण बने खूंखार तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ने में सफलता हासिल कर ली। लगातार निगरानी, विशेष अभियान और पिंजरा लगाकर की गई कोशिशों के बाद रविवार को तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया।
तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही रायपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले तीन सप्ताह से ग्रामीण भय के साये में जी रहे थे और शाम ढलते ही घरों से निकलने से बच रहे थे।
वन विभाग की टीम ने लगातार क्षेत्र में निगरानी रखी और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। रविवार को अभियान सफल रहा और तेंदुआ सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर तेंदुए को नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।
ग्रामीणों ने वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब क्षेत्र में सामान्य जनजीवन फिर से पटरी पर लौट सकेगा।



