डीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर जताई सख्ती, संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों की समीक्षा

डीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर जताई सख्ती, संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों की समीक्षा
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीकाकरण की कम प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं मातृ मृत्यु के मामलों की गहन जांच के लिए विशेष समिति गठित करने के आदेश दिए गए।मुजफ्फराबाद और सरसावा की प्रसव संबंधी घटनाओं की जांच डब्ल्यूएचओ के चिकित्सक डॉ. आनंद को सौंपी गई है। डीएम ने 1 से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक घर-घर दस्तक अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, पंचायती राज, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों को सफाई, जलभराव निस्तारण, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आगामी पल्स पोलियो अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



