विवाहिता ने पति व ससुराल पक्ष पर लगाया जबरन हलाला, तीन तलाक और प्रताड़ना का आरोप

विवाहिता ने पति व ससुराल पक्ष पर लगाया जबरन हलाला, तीन तलाक और प्रताड़ना का आरोप
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम माहेश्वरी खुर्द निवासी पीड़िता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोपों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का विवाह 5 अप्रैल 2018 को हसीन निवासी ग्राम रायपुर (हरिद्वार) के साथ हुआ था. आरोप है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च करने और मोटरसाइकिल व 5 लाख रुपये नगद देने के बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे. वे बड़ी कार (बोलेरो) की मांग को लेकर पीड़िता को भूखा रखते थे और बेरहमी से मारपीट करते थे. इस बीच पीड़िता ने दो बेटों को जन्म दिया। शिकायती पत्र के अनुसार, पति के अन्य लड़कियों से नाजायज संबंध थे, जिसका विरोध करने पर पीड़िता को कमरे में बंद कर जान से मारने की नीयत से पीटा गया. इसके बाद पति ने उसे तलाक दे दिया और एक सोची-समझी साजिश के तहत शरीयत का हवाला देकर अपने मित्र दानिश के साथ पीड़िता का जबरन निकाह (हलाला) कराया. हलाला के बाद पति ने दोबारा उससे मौखिक निकाह किया.
विवाद यहीं नहीं थमा, 11 जून 2026 को ससुराल वालों ने फिर से मायके से बड़ी कार लाने का दबाव बनाया. पीड़िता द्वारा मजबूरी जाहिर करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और पति ने तीन बार तलाक (तीन तलाक) बोलकर उसे सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया. किसी तरह मायके पहुंची पीड़िता ने परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पति, जेठ व मोहसीन, सास, ननद और दानिश सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



