बिजली संकट से भड़के किसान, सिकंदराबाद पावर हाउस का घेराव

बिजली संकट से भड़के किसान, सिकंदराबाद पावर हाउस का घेराव
हरीनगर फीडर और गफ्फार नगर क्षेत्र के किसानों ने किया प्रदर्शन, 16 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग
गोला गोकर्णनाथ। खीरी बिजली संकट से परेशान हरीनगर फीडर और गफ्फार नगर क्षेत्र के किसान मंगलवार को सड़क पर उतर आए। सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ सिकंदराबाद पावर हाउस पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों का आरोप है कि पिछले 24 घंटे में मात्र दो घंटे ही बिजली आपूर्ति की गई, जिससे धान और गन्ने की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बिजली विभाग पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि शाम 7 बजे थ्री-फेज बिजली आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन करीब 20 मिनट बाद ही आपूर्ति बंद कर दी गई। किसानों का कहना है कि क्षेत्र की लगभग 60 किलोमीटर लंबी जर्जर विद्युत लाइन भी समस्या का प्रमुख कारण बनी हुई है।
किसानों की प्रमुख मांगें
🔹 हरीनगर फीडर पर टू-फेज और थ्री-फेज बिजली आपूर्ति के खेल को बंद किया जाए।
🔹 किसानों को 16 घंटे लगातार बिजली उपलब्ध कराई जाए।
🔹 जर्जर विद्युत लाइन को तत्काल बदला जाए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसानों ने साफ कहा कि जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि सिंचाई न होने से गन्ना और धान की फसल को भारी नुकसान हो रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।



