सीओ देश दीपक सिंह ने मोहर्रम जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा-यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश।


मोहम्मद अरशद तहसील प्रभारी चांदपुर/चांदपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक सिंह ने कस्बे के जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीओ ने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों, ताजिया रखने और विसर्जन स्थलों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर सीओ देश दीपक सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूस परंपरागत मार्ग और निर्धारित समय से ही निकाले जाएं। जुलूस मार्ग पर बिजली के तारों की ऊंचाई, सड़कों की साफ-सफाई और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि जुलूस के दौरान वैकल्पिक मार्ग तय किए जाएं, ताकि आमजन को असुविधा न हो। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी जुलूस की निगरानी की जाएगी।
सीओ ने अपील की कि सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मोहर्रम का पर्व मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।