कारोई के कल्याणपुर में पेंथर का आतंक, बछड़े का शिकार कर फरार, ग्रामीणों में दहशत

कारोई के कल्याणपुर में पेंथर का आतंक, बछड़े का शिकार कर फरार, ग्रामीणों में दहशत
विशेष रिपोर्ट -सत्यनारायण सेन गुरला
कारोई / गुरला (भीलवाड़ा)। कस्बे से सटे कल्याणपुर गांव में पेंथर का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीती रात पेंथर ने गांव के एक बाड़े में बंधे बछड़े का शिकार कर दिया और फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पेंथर रात के अंधेरे में गांव के किनारे स्थित बाड़े में घुसा और बछड़े पर हमला कर दिया। सुबह जब पशुपालक बाड़े पर पहुंचा तो बछड़ा मरा हुआ मिला। मौके पर पंजों के निशान भी मिले हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कल्याणपुर गांव में पहले भी कई बार पेंथर देखा जा चुका है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत फैली हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही पेंथर आबादी क्षेत्र में आ जाता है, जिससे बच्चों और महिलाओं को घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है। पशुपालकों को अपने मवेशियों की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि पेंथर को पकड़ा जा सके।



