किचन का लिंटर तोड़ते समय झज्जा गिरा, स्लैब के नीचे दबकर युवक की मौत

किचन का लिंटर तोड़ते समय झज्जा गिरा, स्लैब के नीचे दबकर युवक की मौत
रिपोर्ट, अखिलेश कुमार यादव,पीलीभीत
पूरनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कला के मोहल्ला नूरगंज में रविवार दोपहर मकान में निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। किचन का लिंटर तोड़ते समय अचानक झज्जा भरभराकर गिर गया और स्लैब के नीचे दबने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।मोहल्ला नूरगंज निवासी फहीम (35) पुत्र बाबू रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर की किचन का लिंटर तोड़ने का काम कर रहे थे। बताया गया कि लिंटर तोड़ने के बाद जैसे ही वह नीचे आए, उसी दौरान अचानक झज्जा भरभराकर उनके ऊपर आ गिरा। हादसे में वह नीचे दब गए। परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला और गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि फहीम दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।






