सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण हटाने के निर्देश

सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण हटाने के निर्देश
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के किनारे अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स, अनधिकृत पार्किंग, डग्गामार वाहनों तथा अवैध ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा। डीएम ने स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच, क्षमता से अधिक बच्चों के परिवहन पर कार्रवाई तथा प्रमुख मार्गों पर बने अवैध कटों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण कर सुधारात्मक उपाय लागू करने और सड़क दुर्घटनाओं में शामिल वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बस चालकों एवं परिचालकों के नियमित स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने तथा सड़क दुर्घटना सहायता योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।



