एसजेपीयू एवं एएचटी थाना की मासिक समन्वय बैठक संपन्न, बाल संरक्षण और पोक्सो मामलों पर हुई विस्तृत चर्चा

एसजेपीयू एवं एएचटी थाना की मासिक समन्वय बैठक संपन्न, बाल संरक्षण और पोक्सो मामलों पर हुई विस्तृत चर्चा
लखीमपुर खीरी, 17 जून। जनपद खीरी में एसजेपीयू (स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट) एवं एएचटी थाना की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी कक्ष में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य रामशरण सिंह, जेजेबी सदस्य हरेराम, शिक्षा विभाग से अनुभव अवस्थी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रियंका वर्मा, एम ट्रस्ट से जोगिंदर एवं शमा खातून, एसोसिएशन फॉर वॉलेंट्री एक्शन से राजबहादुर और इंद्रजीत वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पूर्व में जारी कार्यवृत्त के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों के समक्ष आने वाली समस्याओं, सुझावों तथा उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया।
गोष्ठी में बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, लैंगिक समानता एवं नारी सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही किशोर न्याय अधिनियम-2015 में हुए नवीनतम संशोधनों, पोक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की सूचना 24 घंटे के भीतर बाल कल्याण समिति को उपलब्ध कराने तथा फार्म-ए एवं फार्म-बी समय से भेजने के निर्देशों पर जोर दिया गया।
बैठक में किशोर न्याय बोर्ड में पुलिस अधिकारियों द्वारा सादे वस्त्रों में उपस्थित होने, सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार करने तथा जेजे एक्ट की धारा-24 के प्रभावी अनुपालन पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा पोक्सो मामलों में अभियुक्तों को उच्च न्यायालय से प्राप्त जमानत नोटिस की सूचना समयबद्ध तरीके से बाल कल्याण समिति एवं पीड़ित पक्ष को उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक का उद्देश्य बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।



