इज्जतनगर मंडल में ‘कबाड़ से जुगाड़’ अभियान, काठगोदाम में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेले का आयोजन

इज्जतनगर मंडल में ‘कबाड़ से जुगाड़’ अभियान, काठगोदाम में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेले का आयोजन
बरेली, 28 सितंबर 2026। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली एवं पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन तथा यांत्रिक विभाग (ई.एन.एच.एम.) के तत्वावधान में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ‘स्वच्छता से समृद्धि अभियान’ के अंतर्गत ‘कबाड़ से जुगाड़/कबाड़ से कला’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।अभियान के दौरान मंडल के लोको शेड, ट्रेन सेट, रेलवे स्टेशनों, यार्ड तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य एवं रेलपथ) कार्यालयों सहित पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद और कन्नौज आदि स्थानों पर लंबे समय से पड़े अनुपयोगी रेल स्क्रैप को चिन्हित कर अलग किया गया।इनमें पुराने उपकरण, कोच के बेकार पुर्जे, लोहे के टुकड़े और विभिन्न प्रकार के धातु स्क्रैप शामिल रहे। रेल कर्मचारियों को अनुपयोगी सामग्री के उचित प्रबंधन, पुनः उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने और कबाड़ सामग्री का उपयोगी तरीके से निस्तारण करने का संदेश दिया गया।

काठगोदाम में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला
इसी क्रम में काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य स्टेशन पर कार्यरत थोक कचरा उत्पादकों, जिसमें स्टेशन वेंडर्स, कैंटीन एवं खान-पान स्टॉल संचालक शामिल हैं, को अधिकृत रीसाइक्लर मेसर्स स्वयंभू इनोवेटिव सॉल्यूशंस प्रा. लिमिटेड से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, जिम्मेदारीपूर्ण निस्तारण और रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। वेंडर्स एवं अन्य हितधारकों को सतत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर पद्धतियों के बारे में जानकारी दी गई तथा प्लास्टिक कचरे को उचित माध्यम से रीसाइक्लिंग के लिए भेजने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक काठगोदाम, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक तथा पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए यात्रियों और रेल परिसर से जुड़े सभी लोगों से सहयोग की अपील की।



