इज्जतनगर मंडल में पेयजल गुणवत्ता की जांच तेज, 42 नमूने मानकों पर खरे

इज्जतनगर मंडल में पेयजल गुणवत्ता की जांच तेज, 42 नमूने मानकों पर खरे
बरेली, 29 सितंबर 2026। यात्रियों एवं रेलकर्मियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में उपलब्ध पेयजल स्रोतों की निगरानी के साथ-साथ पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य एवं इंजीनियरिंग विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इसी क्रम में 29 सितंबर को अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) के 42 परीक्षण किए गए। जांच में सभी 42 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इसके अतिरिक्त पानी की बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की जांच के लिए 09 जल नमूने भी लिए गए हैं।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पेयजल स्थानों से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं इंजीनियरिंग विभाग की टीमों द्वारा नियमित अंतराल पर पानी के नमूने एकत्र किए जाते हैं। इन नमूनों में अवशिष्ट क्लोरीन के स्तर के साथ-साथ बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की भी जांच की जाती है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में स्थापित पानी की टंकियों, वाटर कूलर, वाटर टैप, वाटर फिल्टर, पाइप लाइनों तथा पेयजल वितरण केंद्रों की नियमित सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना तथा पेयजल से संबंधित स्वास्थ्य जोखिमों को न्यूनतम रखना है।



