ऊँचाहार में 16 नवम्बर को लगेगा विधानसभा स्तरीय रोजगार मेला

ऊँचाहार में 16 नवम्बर को लगेगा विधानसभा स्तरीय रोजगार मेला
2000 से अधिक रिक्तियों पर होगा चयन
रायबरेली- 15 नवम्बर 2026
जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ० दिनकर कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अन्तर्गत युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में विधानसभावार एकदिवसीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय, रायबरेली द्वारा 16 नवम्बर, 2026 को डॉ० भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय, ऊँचाहार, रायबरेली के परिसर में एकदिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में रायबरेली सहित देश एवं प्रदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों द्वारा टेक्निकल एवं नॉन टेक्निकल दोनों प्रकार के पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन किया जाएगा। मेले में कक्षा 8, हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा सहित विभिन्न शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए लगभग 2000 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध रहेंगी।
रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के समस्त पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। मेले में न्यू हॉलैण्ड कम्पनी, आइडेमिया सिसकॉम, मारुति सुजुकी, हायर अप्लायन्स इण्डिया प्रा०लि०, स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विस, आइसेक्ट इण्डिया, न्यू एरा कन्स्ट्रक्शन एण्ड डिजाइन, महादेव हनुमन्त, टाटा मोटर्स, अडानी सोलर, शिवम होम हेल्थ केयर प्रा०लि०, इमीग्रेशन सिक्योरिटी सर्विस प्रा०लि० एवं ए०डी०जे० प्रा०लि० सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। कंपनियों द्वारा चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है। अतः इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।



