बाघ हमले में मृत महिला के परिजनों से मिले विधायक रोमी साहनी, आर्थिक सहायता देकर हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा
ब्यूरो रिपोर्ट लखीमपुर-तुषार शुक्ला

SvasJsNews | विशेष समाचार
बाघ हमले में मृत महिला के परिजनों से मिले विधायक रोमी साहनी, आर्थिक सहायता देकर हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा
लखीमपुर खीरी। पलिया तहसील क्षेत्र के खालेपुरवा गांव में बाघ के हमले में हुई महिला की दर्दनाक मौत के बाद क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि दुख की इस कठिन घड़ी में वह उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।बताया जा रहा है कि बाघ के हमले में जान गंवाने वाली महिला कोकिला देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रोमी साहनी खालेपुरवा गांव पहुंचे और मृतका के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुखद और हृदय विदारक होती हैं तथा पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहायता मिलनी चाहिए।

विधायक ने तत्काल राहत के रूप में पीड़ित परिवार को ₹25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा एवं अन्य सरकारी सहायता जल्द से जल्द दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या आर्थिक समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए विधायक रोमी साहनी ने मृतका की बेटी क्रांति के विवाह की जिम्मेदारी उठाने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी में जो भी आवश्यक सहयोग होगा, वह व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त भविष्य में परिवार को किसी भी प्रकार की जरूरत पड़ने पर भी हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। विधायक के इस संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि संकट की घड़ी में जनप्रतिनिधि का इस प्रकार पीड़ित परिवार के बीच पहुंचना और सहयोग देना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। विधायक के आश्वासन से पीड़ित परिवार को कुछ हद तक संबल मिला है।



