आठ बाइक चोरी का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार

आठ बाइक चोरी का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार
बिहारीगढ़ पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आठ मोटरसाइकिलें बरामद कीं, कई थाना क्षेत्रों में वारदात को दिया था अंजाम
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बिहारीगढ़ के अलावा बेहट, मिर्जापुर और बुग्गावाला थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गुलाम रसूल पुत्र हाशिम निवासी ग्राम कालूवाला पहाड़ीपुर उर्फ जहानपुर थाना बिहारीगढ़, सागर पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम भाकरोड़ थाना बेहट, शाकिर पुत्र भूरे निवासी ग्राम चांडी भाकरोड़ थाना बेहट और साहिल पुत्र मुस्तकीम निवासी ग्राम माईदीनपुर थाना बेहट शामिल हैं। मुकदमों की जांच में खुली चोरी की कड़ियां पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को टांडा हसनगढ़ निवासी संजीव कुमार की मोटरसाइकिल चोरी होने तथा 13 सितंबर को बेहट क्षेत्र निवासी मुजीब अली और सुनील कुमार की मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में बिहारीगढ़ थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार हुई बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इनके अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसके बाद पुलिस टीम ने जांच करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें यूपी 11 सीयू 1420, यूपी 11 बीएन 9036, यूपी 11 वाई 3441, यूपी 11 सीएल 6740 और यूपी 17 डब्ल्यू 2869 समेत अन्य बाइक शामिल हैं।
*पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया* कि चारों एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं। सागर की ग्राम चांडी भाकरोड़ में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान है। चारों मिलकर आसपास के थाना क्षेत्रों में बाइक की रेकी करते और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी की बाइकें सागर की मदद से अनजान लोगों को बेच दी जाती थीं। बिक्री से पहले बाइक की नंबर प्लेट निकाल दी जाती थी।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब पांच-छह महीने पहले फतेहपुर कला से एक, करीब दो माह पहले शाहपुर गाड़ा से एक, करीब डेढ़ माह पहले बिहारीगढ़ कस्बे में बुग्गावाला रोड स्थित एक दुकान के सामने से एक बाइक चोरी की थी। इसके अलावा सुंदरपुर तिराहे और बिहारीगढ़ में रविदास मंदिर के सामने से भी बाइक चोरी करने की बात कबूल की। पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम बंदरजूड़ के जंगल से करीब चार-पांच दिन पहले एक मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी की छह मोटरसाइकिलों को आरोपियों ने बिहारीगढ़ से आगे अमानतगढ़ की ओर सड़क किनारे हाईवे की खंडहर पड़ी बिल्डिंग में छिपाकर रखा था। दो अन्य बाइक भी वहीं छिपाने की तैयारी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



