भीरा में 40 वर्ष पुराने अतिक्रमण पर चला प्रशासन का अभियान

भीरा में 40 वर्ष पुराने अतिक्रमण पर चला प्रशासन का अभियान
हाईकोर्ट के आदेश पर एनएच-731 किनारे शांतिपूर्ण ढंग से हटाया गया अतिक्रमण
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी, 18 सितंबर। मा. उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-731 के किनारे कस्बा भीरा में करीब 40 वर्षों से किए गए अतिक्रमण को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से हटाया गया। कार्रवाई कटैय्या मोड़ से विवेकानंद स्कूल तक की गई।
पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के किनारे अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर हाईकोर्ट में पीआईएल संख्या 714/2026 तेज सिंह आदि बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य याचिका दाखिल की गई थी। न्यायालय ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को जिला प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों के साथ बैठक कर उन्हें जानकारी दी गई थी। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में एनएचएआई की परियोजना कार्यान्वयन इकाई बरेली के अधिकारियों के साथ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान 14 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 50 उपनिरीक्षक, 10 महिला उपनिरीक्षक, 280 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 120 महिला आरक्षी, एक प्लाटून पीएसी, ट्रैफिक पुलिस के नौ कर्मी, दो फायर टेंडर और ड्रोन टीम तैनात रही।
पुलिस के मुताबिक, विस्थापित परिवारों को पूर्व में आवंटित स्थान की जानकारी देते हुए नियमानुसार विस्थापित किया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और एनएचएआई, जिला प्रशासन एवं पुलिस के समन्वय से हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया।



