देवबंद युवती हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेमी और उसकी मां गिरफ्तार, बदनामी के डर से छत पर बुलाकर की थी गला दबाकर हत्या

देवबंद युवती हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेमी और उसकी मां गिरफ्तार, बदनामी के डर से छत पर बुलाकर की थी गला दबाकर हत्या
शव को बाइक पर रखकर साखन नहर में फेंका, निशानदेही पर टूटा मोबाइल और बाइक बरामद
सहारनपुर – युवती हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के प्रेमी और उसकी मां को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रेमी भाई की साली से शादी करना चाहता था और प्रेम संबंध उजागर होने पर बदनामी के डर से उसने युवती की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को आरोपी मोहित ने युवती को बहाने से अपने घर की छत पर बुलाया था। छत पर ही दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मोहित ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और उसने अपनी मां ओमवती को जगाकर पूरी वारदात बताई।
पुलिस जांच में सामने आया कि इसके बाद मां-बेटे ने मिलकर साक्ष्य मिटाने की योजना बनाई। दोनों ने शव को स्प्लेंडर बाइक पर रखा और रात के अंधेरे में ले जाकर साखन नहर में फेंक दिया ताकि किसी को भनक न लगे।
युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर पुलिस को मोहित पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर मोहित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी मोहित और उसकी मां ओमवती दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी मोहित अब अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। प्रेम संबंध सामने आने से उसकी शादी टूटने और बदनामी का डर था, इसलिए उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
रिपोर्ट- मो कलीम अंसारी, सहारनपुर



