क्लस्टर स्तरीय विज्ञान मेले में बागोर मॉडल स्कूल का दबदबा, 4 छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

क्लस्टर स्तरीय विज्ञान मेले में बागोर मॉडल स्कूल का दबदबा, 4 छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
विशेष रिपोर्ट -सत्यनारायण सेन गुरला
गुरला। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल (एसवीजीएमएस), मांडल-बागोर के विद्यार्थियों ने क्लस्टर स्तरीय विज्ञान मेला 2026 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस शानदार उपलब्धि के साथ ही इन सभी विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान मेले के लिए हुआ है, जो कि बीकानेर में आयोजित किया जाएगा।विज्ञान मेले में विद्यालय के चार अलग-अलग श्रेणियों के विद्यार्थियों ने बाजी मारी।
जूनियर मॉडल प्रतियोगिता में हुरड़ा के आयुष टेलर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर मॉडल प्रतियोगिता में प्रवीण रेगर अव्वल रहे। वहीं, ज्ञान और बुद्धिमत्ता की जंग ‘साइंस क्विज़’ में भी मांडल-बागोर के छात्र आगे रहे; जूनियर साइंस क्विज़ में बागौर (मांडल) की अदिति सरकार और सीनियर साइंस क्विज़ में मॉडल स्कूल सहाड़ा के हर्षित माली ने पहला स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों में भारी हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यह सफलता विद्यार्थियों की दिन-रात की कड़ी मेहनत, उनकी वैज्ञानिक सोच और मार्गदर्शक शिक्षकों के सही दिशा-निर्देशन का परिणाम है।सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए बीकानेर में होने वाली आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए ढेरों शुभकामनाएँ दी गई हैं।
उम्मीद जताई जा रही है कि ये बाल वैज्ञानिक राज्य स्तर पर भी अपनी सफलता का परचम लहराकर विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाएंगे।



