दीपावली से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार

दीपावली से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार
12.9 लीटर अवैध देशी शराब और 25 लीटर कच्ची शराब बरामद
पीलीभीत। दीपावली पर्व से पहले अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग और न्यूरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न गांवों और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक पीलीभीत और उप आबकारी आयुक्त, बरेली प्रभार के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 एवं क्षेत्र-4 की टीम ने थाना न्यूरिया पुलिस के सहयोग से पीलीभीत सदर क्षेत्र के ग्राम हरकिशनापुर, कलिया, शिवपुरिया तथा अमरिया क्षेत्र के ग्राम उलकारी, ढकिया और तुर्कपुर बढ़वार सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 12.9 लीटर अवैध देशी मदिरा, जिसमें 78 टेट्रा पैक शामिल हैं, तथा 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार अभियान के दौरान तीन अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीणों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूक भी किया। टीम ने लोगों को अवैध नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट: अखिलेश यादव, पीलीभीत


















