#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

जोन-3 के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण शुरू

जोन-3 के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण शुरू

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 49 कार्मिकों को दी जा रही प्रशिक्षण

संवाददाता- मो कलीम अंसारी

सहारनपुर जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत नगर निगम के जोन-3 में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को नगर निगम स्थित शाकुंभरी कक्ष में शुरू हुआ। प्रशिक्षण छह नवंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य पूरी शुद्धता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण के प्रति गंभीरता और अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ भी दिलाई गई। प्रशिक्षण बैच संख्या 8933 में कुल 49 कार्मिकों को नामित किया गया है। इनमें विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। प्रशिक्षण प्रशिक्षक एवं नगर निगम के वरिष्ठ लेखा परीक्षक अजमैन तथा अध्यापिका साक्षी सेठ द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण, मकानों एवं परिवारों की गणना, आवश्यक सूचनाओं का संकलन, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि और मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के कार्यों और जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षक अजमैन ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और संसाधनों के उचित नियोजन का आधार बनते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को पूरी निष्ठा, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जोन-3 के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण छह नवंबर तक चलेगा, जबकि तृतीय बैच का प्रशिक्षण 12, 13 एवं 14 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button