पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना, लोगों को किया जाएगा जागरूक…

पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना, लोगों को किया जाएगा जागरूक…
संवाददाता- मो कलीम अंसारी
सहारनपुर से यातायात माह की शुरुआत हो गई है। उत्तर प्रदेश में हर साल नवंबर के महीने को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है, इसी क्रम में आज पुलिस लाइन से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में यातायात पुलिस के जवान, स्कूली बच्चे और एनसीसी कैडेट्स शामिल रहे। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी, जहां लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना और यातायात नियमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि लोग हेलमेट नहीं पहनते, बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाते हैं, ओवरस्पीडिंग करते हैं और शराब पीकर वाहन चलाते हैं, जिसके कारण सड़क हादसे होते हैं। इन हादसों को रोकने के लिए ही यातायात माह मनाया जाता है। पूरे नवंबर माह के दौरान यातायात पुलिस द्वारा जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, स्कूलों-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें।



