मितौली में डंपर की टक्कर से मां-बेटे समेत तीन की मौत, परिवार का मुखिया गंभीर घायल

मितौली में डंपर की टक्कर से मां-बेटे समेत तीन की मौत, परिवार का मुखिया गंभीर घायल
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। मितौली थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। कस्ता क्षेत्र के शिवाला तिराहे के पास मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी, दो वर्षीय मासूम बेटे और बहन की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नीमगांव थाना क्षेत्र के ओदरहिया गांव निवासी अरविंद अपनी पत्नी मोहिनी (24), दो वर्षीय बेटे अभ्यांश और बहन खुशबू (20) के साथ बाइक से सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र स्थित मूड़ा गांव जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे शिवाला तिराहे के पास कस्ता की ओर से आ रहे मौरंग लदे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग डंपर की चपेट में आ गए। हादसे में मोहिनी, मासूम अभ्यांश और खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बेहजम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।



