लखीमपुर में यातायात माह का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

लखीमपुर में यातायात माह का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
ब्यूरो रिपोर्ट- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में गांधी इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गुरु नानक इंटर कॉलेज और धर्मसभा इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। रैली पुलिस लाइन से गुरु गोविंद सिंह चौक, सौजन्या चौक और परशुराम चौराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
एसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करने की अपील की।
यातायात माह के दौरान स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाए जाएंगे। वहीं, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



